भोपाल स्मार्ट सिटी में अब नहीं लगेंगे अस्थमा और एलर्जी फैलाने वाले कोनोकार्पस के पौधे
कोनोकार्पस के लगे हुए पेड़ों पर भी फैसला जल्द।

भोपाल स्मार्ट सिटी पार्क में लगे कोनोकार्पस के पेड़
नितिन साहनी, भोपाल। स्मार्ट सिटी भोपाल में अब कोनोकार्पस के पौधे लगाने पर रोक लगा दी गई है। दैनिक जागरण में इस खबर के प्रकाशित होने के बाद स्मार्ट सिटी प्रबंधन ने संज्ञान लेते हुए यह फैसला लिया है। कोनोकार्पस नाम के इन पौधों से अस्थमा और एलर्जी के साथ अन्य कई तरह के रोग होते हैं। सोमवार को स्मार्ट सिटी के प्रबंधन ने जानकारी देते हुए बताया कि लोगों की सेहत को देखते हुए इन पौधों को प्रतिबंधित किया गया है। इसके अलावा जो पौधे अब तक लग चुके हैं, उनके बारे में सलाह लेने के लिए स्मार्ट सिटी कंपनी राज्य सरकार के वन एवं पर्यावरण विभाग और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेस्ट मैनेजमेंट (आईआईएफएम) भोपाल को भी पत्र लिखा जाएगा। अब स्मार्ट सिटी में लगने वाले पौधों की सूची भी आईआईएफएम से मांगी जाएगी। गौरतलब है कि कोनोकार्पस के स्वास्थ्य पर हानिकारक असर को देखते हुए इसे देश के पांच राज्यों ने पहले ही प्रतिबंधित कर दिया है। हालांकि इसके लगभग 200 से ज्यादा पौधे भोपाल के स्मार्ट सिटी पार्क में लगाए गए थे, जो अब वृक्षों का रूप ले चुके हैं।
इन 5 राज्यों में बैन है कोनोकार्पस
असम, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश, गुजरात, तमिलनाडु
प्रदेश सरकार भी एक्टिव, जल्द हो सकता है निर्णय
कोनोकार्पस के मानव स्वास्थ्य पर होने वाले दुष्प्रभावों की खबर प्रकाशित होने के बाद प्रदेश सरकार भी एक्टिव हो गई है। इस संबंध में प्रदेश के पर्यावरण एवं वन राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार ने विभाग के अफसरों को जानकारी जुटाने को कहा है। इसके साथ ही इस पर प्रतिबंध लगाने वाले अन्य राज्यों से भी जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं। डॉक्टर्स के अनुसार कोनोकार्पस के पेड़ों से निकलने वाले परागकण मानव शरीर में अस्थमा, एलर्जिक राइनाइटिस जैसी गंभीर बीमारियों के अलावा सांस संबंधी कई रोगों की वजह भी बनते हैं। इतना ही नहीं, इस पेड़ की वजह से जुकाम और त्वचा के रोग भी हो सकते हैं। पतझड़ न होने के कारण सदैव हरे बने रहने के कारण स्मार्ट सिटी समेत सरकारी एजेंसियों के अलावा मैरिज गार्डन, रिसॉर्ट, होटल, लॉन, पार्टी गार्डन में भी ये पेड़ अब बड़ी संख्या में लगाए जाते हैं।
इनका कहना है
स्मार्ट सिटी में अब कोनोकार्पस के पौधे नहीं लगेंगे। अब तक कोनोकार्पस के जो भी पेड़ स्मार्ट सिटी पार्क या अन्य जगह लगे हैं, उनके संबंध में भी जल्द निर्णय होगा। आईआईएफएम से भी स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत लगाए जाने वाले पौधों के संबंध में सुझाव लेंगे। अंजू अरुण चौहान, सीईओ, स्मार्ट सिटी कंपनी, भोपाल